
रांची :शहर में लगातार यह शिकायत मिल रही थी कि कई वाहन मालिक अपने वाहन के नम्बर प्लेट में छेड़छाड़ कर सड़क पर फर्राटा भर रहे हैं। ऐसे वाहनों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक, यातायात, रांची के निर्देश पर 15 अक्टूबर 2025 को विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सभी यातायात थाना क्षेत्रों में वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के क्रम में नम्बर प्लेट में गलत तरीके से अंकित रजिस्ट्रेशन नम्बर वाले 18 वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के छेड़छाड़ या यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में आगे भी लगातार विशेष अभियान चलाया जाएगा।
यातायात पुलिस की सख्त अपील: नियमों का पालन करें, अन्यथा होगी कार्रवाई
रांची के यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि वाहन मालिक अपने वाहनों की नंबर प्लेट पर मोटरयान अधिनियम के तहत निर्धारित मानक के अनुरूप ही रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कई वाहन मालिक जानबूझकर अपने नंबर प्लेट में छेड़छाड़, डिज़ाइनर नंबर, या अस्पष्ट अक्षरों का उपयोग करते हैं, जिससे पहचान में दिक्कत होती है। यह न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करता है।
एसपी राकेश सिंह ने कहा कि ऐसे वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गलत या संशोधित नंबर प्लेट वाले वाहनों को जप्त किया जा सकता है और वाहन मालिकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत जुर्माना और कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग दें।
यातायात पुलिस का उद्देश्य किसी को दंडित करना नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने यह भी कहा कि आगे आने वाले दिनों में रांची के सभी प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें नंबर प्लेट, हेलमेट, सीट बेल्ट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी नजर रखी जाएगी।


