रांची। प्रतिबंधित कफ सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ रांची पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तुपुदाना इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सैली ट्रेडर्स पर छापा मारा। यह कार्रवाई सिटी डीएसपी के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस की टीम ने तीन अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान दुकान और गोदामों में रखी दवाओं की गहन जांच की गई। इस क्रम में प्रतिबंधित कफ सिरप समेत संदिग्ध दवाओं को जब्त किया गया। पुलिस ने जब्ती की प्रक्रिया पूरी करते हुए संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान अवैध रूप से बेची जा रही प्रतिबंधित दवाओं पर रोक लगाने और नशे के नेटवर्क को तोड़ने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।


