रांची। राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित गोंदली पोखर के भीड़भाड़ वाले बाजार में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक ज्वेलरी दुकान में दिन-दहाड़े बड़ी लूट की वारदात हुई। बाइक सवार दो अपराधी रुचि ज्वेलर्स से करीब 26 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 60 हजार रुपये नकदी लेकर फरार हो गए। घटना ने स्थानीय व्यापारियों में दहशत फैला दी है और बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों और सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकेबंदी कर तलाशी तेज कर दी है।
ऐसे दिया लूट की वारदात को अंजाम
ज्वेलरी दुकान के मालिक शेखर सोनी अपने ऊपर के आवास से दुकान खोलने आए थे। दुकान का शटर उठाने के बाद उन्होंने अपने साथ लाए जेवर और नकदी से भरा झोला रैक पर रखा ही था कि तभी एक युवक दुकान में घुसा और झोला छीनकर भाग निकला।
बाहर पहले से उसका दूसरा साथी हेलमेट पहनकर बाइक स्टार्ट कर इंतजार कर रहा था। दोनों अपराधी पलभर में बाइक पर सवार हुए और रांची की ओर फरार हो गए।-
CCTV में साफ दिखा लुटेरा
दुकान में लगे CCTV कैमरे में झोला छीनने वाले युवक का चेहरा स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हुआ है। फुटेज में दिखा कि लुटेरा वारदात से कुछ देर पहले दुकान के बाहर खड़ा होकर लगातार मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था, जिससे साफ है कि लूट सुनियोजित और रेकी के बाद की गई। अनगड़ा पुलिस फुटेज और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर लुटेरों की पहचान में जुट गई है।


