रांची। राजधानी रांची के चुट्टू इलाके में जमीन खरीद के नाम पर 1 करोड़ 41 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। डॉक्टर रोहित प्रसाद ने अमानत अंसारी, मउद्दीन अंसारी, तबरेज आलम समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी रसीद, खतियान और मुखिया प्रमाणपत्र दिखाकर जमीन बेचने का समझौता किया और पूरी रकम लेकर रजिस्ट्री भी करवा दी। डॉक्टर की व्यस्तता के कारण वे तुरंत जमीन पर नहीं जा सके। जून 2025 में जब चारदीवारी निर्माण कराया गया तो स्थानीय लोगों ने जमीन को किसी और की बताते हुए काम रुकवा दिया।
जांच में सामने आया कि डॉक्टर को दिखाई गई जमीन अलग थी, जबकि रजिस्ट्री किसी और प्लॉट की कराई गई। साथ ही पता चला कि जमीन से जुड़ा पावर ऑफ अटॉर्नी पहले ही दिसंबर 2023 में रद्द हो चुका था।
पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


