रांची। राज्य में नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को सभी निर्वाची पदाधिकारियों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में पदाधिकारियों को निर्वाचन से जुड़ी सभी बारिकियों और प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
बैठक के दौरान आयोग चुनावी तैयारी की समीक्षा करेगा तथा नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच, मतदान प्रक्रिया और मतगणना से जुड़े नियमों पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान करेगा। संभावित चुनौतियों और उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा होगी। इसके लिए आयोग ने पावर प्रेजेंटेशन और विस्तृत गाइडलाइन तैयार की है।
झारखंड नगरपालिका अधिनियम के प्रावधानों एवं हालिया संशोधनों की जानकारी भी पदाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाएगी। निर्वाची पदाधिकारियों की नियुक्ति के बाद यह आयोग की पहली मैनुअल बैठक होगी। आयोग ने इन पदों पर अनुमंडल पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ सहित संबंधित अधिकारियों की नियुक्ति की है।
उधर, आयोग जल्द ही जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ भी एक अलग बैठक कर सकता है। माना जा रहा है कि दोनों स्तरों की बैठकों और तैयारी की समीक्षा के बाद आयोग किसी भी समय चुनाव की घोषणा कर सकता है।


