पलामू : पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए एक घायल महिला को न केवल इलाज उपलब्ध कराया, बल्कि सुरक्षित उसके परिजनों तक भी पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर को सतबरवा थाना क्षेत्र के हुर्मूर औरँगा नदी किनारे एक अज्ञात महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला को इलाज के लिए नवजीवन अस्पताल, तुम्बगरा में भर्ती कराया। अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों द्वारा बेहतर उपचार उपलब्ध कराया गया, जिसका पूरा खर्च पुलिस ने वहन किया। होश आने के बाद महिला ने अपना नाम जूली कुमारी, पति बबलू सोनार, सा० बागमरा (देवघर) बताया। उसने बताया कि उसे काम दिलाने के बहाने ट्रेन से यहां लाया गया था, हालांकि उसे स्पष्ट रूप से याद नहीं कि वह किस तरह पलामू तक पहुंची। बयान के आधार पर 12 सितंबर को सतबरवा थाना में कांड संख्या 94/25, धारा 109(1) बीएनएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इलाज के बाद महिला की तबीयत सुधरने पर पुलिस टीम ने 24 सितंबर को उसे सुरक्षित घर पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की। 25 सितंबर को सतबरवा थाना पुलिस और महिला आरक्षी उसे देवघर के बागमरा ले गए, जहां जानकारी मिली कि उनका ममाघर वहीं है, जबकि स्थायी घर बिहार के जमुई जिले में है। पुलिस ने महिला को जमुई स्थित गरही थाना पुलिस की मदद से परिजनों के हवाले कर दिया। पलामू पुलिस का यह कदम मानवता और जन-सेवा के प्रति समर्पण का मिसाल माना जा रहा है। घायल महिला को पहचान दिलाने से लेकर इलाज और सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाने में सतबरवा थाना पुलिस और महिला आरक्षियों की भूमिका सराहनीय रही।


