पलामू : जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पोखराही गांव के पास रविवार को छठ महापर्व से पहले एक दर्दनाक हादसा हो गया। सोन नदी में नहाने गए तीन युवक गहरे पानी में डूब गए, जिसके बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ युवक नहाने के लिए सोन नदी में उतरे थे। इसी दौरान तीन युवक तेज बहाव और गहराई की वजह से नदी में डूब गए, जबकि अन्य साथी सुरक्षित किनारे लौट आए।
डूबने वालों की पहचान अंकुश पासवान (22 वर्ष, शेरघाटी, बिहार) — जो अपने ससुराल पोखराही गांव में छठ पर्व मनाने आए थे, आदर्श चंद्रवंशी (22 वर्ष, इटवा, नबीनगर, बिहार) और रजनीश चंद्रवंशी (23 वर्ष, पोखराही निवासी) के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही हुसैनाबाद थाना प्रभारी, दंगवार ओपी प्रभारी सोनू कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू किया गया है।
मौके पर दंगवार पंचायत के मुखिया अमरेंद्र ठाकुर, परिजन और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं। देर शाम तक तीनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका था। पूरे गांव में छठ की खुशियों के बीच सन्नाटा और शोक का माहौल पसरा हुआ है।

