पलामू में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एसीबी की टीम ने चैनपुर अंचल कार्यालय के बड़ा बाबू विनोद राम को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उन पर जमीन के म्यूटेशन की नकल देने के नाम पर घूस मांगने का गंभीर आरोप है।
जानकारी के अनुसार, चैनपुर निवासी अनुज कुमार ने अपनी जमीन का म्यूटेशन कराया था। इसके बाद वे लगातार नकल (एंट्री कॉपी) प्राप्त करने के लिए अंचल कार्यालय का चक्कर काट रहे थे। इसी दौरान बड़ा बाबू विनोद राम ने नकल उपलब्ध कराने के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग ली।
घूस देने से इनकार करते हुए अनुज कुमार ने पूरे प्रकरण की एसीबी पलामू प्रमंडल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर गुरुवार को एसीबी ने ट्रैप लगाया और बड़ी कार्रवाई करते हुए चैनपुर अंचल कार्यालय परिसर से बड़ा बाबू विनोद राम को 5500 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम ने विनोद राम के सिंगरा खुर्द पूर्णाडीह स्थित घर की भी तलाशी ली। हालांकि तलाशी में कोई आपत्तिजनक वस्तु या अतिरिक्त नकदी नहीं मिली। मेडिकल जांच पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। बता दें कि पलामू क्षेत्र में एसीबी की यह कार्रवाई लंबे समय बाद हुई है, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

