ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

गैंगस्टर सुजीत सिन्हा–अनुराग गुप्ता गठजोड़ की जांच NIA से हो: बाबूलाल मरांडी

भाजपा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने फिर साधा पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता पर निशाना

रांची :झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता कर पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता और गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के कथित गठजोड़ की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि अनुराग गुप्ता की नियुक्ति “गिव एंड टेक फार्मूले” पर आधारित थी, जो सत्ता, अपराध और संरक्षण के गठजोड़ की मिसाल है। मरांडी ने आरोप लगाया कि अनुराग गुप्ता का नाम न सिर्फ पुलिस सेवा में विवादों से जुड़ा रहा है, बल्कि मगध विश्वविद्यालय की डिग्री में भी घोटाले के आरोप उन पर लगे हैं।

उन्होंने कहा कि अवैध तरीके से डीजीपी बनना और उसके बाद अपराधियों से सांठगांठ, दोनों ही मामलों की गहन जांच जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि भारतमाला प्रोजेक्ट पर नियंत्रण के लिए अनुराग गुप्ता ने सुजीत सिन्हा से हाथ मिलाया था, जिसमें गुप्ता की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। यही वजह रही कि अमन साहू का कथित फर्जी एनकाउंटर भी इसी वर्चस्व की लड़ाई का हिस्सा बना।

मरांडी ने बताया कि हाल में गिरफ्तार सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा के मोबाइल और चैट से कई सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। इन चैट में पैसे के लेनदेन, रंगदारी वसूली और एनकाउंटर की तैयारियों का पूरा ब्यौरा मौजूद है। रिया सिन्हा ने पूछताछ में बताया कि जेल में बंद सुजीत सिन्हा व्यवसायियों से रंगदारी की वसूली करता था और प्रिंस खान को धमकाने के लिए इस्तेमाल करता था।

13 अक्टूबर को पुलिस ने रिया सिन्हा सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से तीन पिस्टल, सात मैगजीन, 13 गोलियां, एक कार और मोबाइल बरामद किए गए थे। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए 21 विदेशी हथियार झारखंड में मंगवाए गए थे।

मरांडी ने यह भी कहा कि इस पूरे नेटवर्क में डीएसपी अमर पांडे की भी बड़ी भूमिका रही। गुमनाम शिकायतों के नाम पर वसूली और धमकी देना आम बात बन गई थी। मामला उजागर होते ही सरकार ने अमर पांडे पर कार्रवाई की और नेक्सस को तोड़ने के लिए दीपक कुमार को सीआईडी से हटाकर मोहनपुर कमांडेंट बनाया गया।

इसके बाद अनुराग गुप्ता को भी पद से हटाना पड़ा।बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वे इस पूरे प्रकरण की जांच NIA से कराने के लिए केंद्र को पत्र लिखेंगे। उन्होंने चुनौती दी, “अगर मुख्यमंत्री में हिम्मत है, तो अनुराग गुप्ता के कार्यकाल की उच्चस्तरीय जांच कराएं। सच सामने आने पर कई बड़े चेहरों का नकाब उतर जाएगा।”

Tags :

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.