रांची: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने रांची स्थित विशेष एनआईए अदालत में दो माओवादियों के खिलाफ दूसरी पूरक चार्जशीट दाखिल की है। आरोपितों में पश्चिमी सिंहभूम का जयपाल देवगम और छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले का बुदरू पदम उर्फ रोहित पदम शामिल हैं।चार्जशीट के अनुसार दोनों ही प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के सक्रिय सदस्य थे। ये ठेकेदारों व कारोबारियों से जबरन वसूली करने के साथ-साथ आतंकी गतिविधियों की साजिश, हथियार संचालन और संगठन की बैठकों में शामिल रहते थे। साथ ही इन्होंने कई कुख्यात माओवादियों को शरण भी दी थी। एनआईए की जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपित आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने और संगठन की हिंसक गतिविधियों को बढ़ावा देने में सक्रिय थे।
10.50 लाख रुपये और हथियार बरामद
मामला पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र से जुड़ा है। 24 मार्च 2024 को हुसिपी और राजाभासा गांवों के बीच जंगल से 10 लाख 50 हजार रुपये नकद, वॉकी-टॉकी, टेबलेट, पावर बैंक, रेडियो सेट, लेवी रसीद, जिलेटिन स्टिक, नेक बैंड समेत कई सामान बरामद किए गए थे। ये बरामदगी गिरफ्तार माओवादी सहयोगी राजेश देवगम की निशानदेही पर हुई थी। सभी रुपये और सामान प्लास्टिक के जार में दबाकर जमीन में छिपाए गए थे।इस मामले में पहले टोंटो थाने की पुलिस ने मार्च 2024 में पांच आरोपितों पर चार्जशीट दाखिल की थी। इसके बाद जुलाई 2024 में एनआईए ने केस टेकओवर कर री-रजिस्टर किया। जुलाई 2025 में एनआईए ने पहली पूरक चार्जशीट दाखिल की थी और अब दूसरी पूरक चार्जशीट दाखिल की गई है।


