जमशेदपुरः घोड़ाबांधा स्थित आवास पर पूर्व स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री स्व. रामदास सोरेन के संस्कार भोज का आयोजन किया गया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन संग पहुंचे और स्व. रामदास सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. मुख्यमंत्री ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने स्व. रामदास सोरेन की पत्नी सूरजमनी सोरेन, पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन तथा अन्य परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया और दुख की इस घड़ी में संबल प्रदान करने का आश्वासन दिया.
मुख्यमंत्री ने कहा—“गुरुजी (शिबू सोरेन) के निधन के कुछ ही दिनों बाद रामदास सोरेन जी का भी आकस्मिक निधन राज्य के लिए गहरी क्षति है. समाज और राजनीति के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा. आज राज्यभर से लोग यहां आकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं. हमारी ओर से भी स्व. रामदास सोरेन जी को शत-शत नमन.”कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और रामदास सोरेन के समर्थक उपस्थित रहे और उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी.


