रांची : बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘मोथा’ का असर झारखंड की राजधानी रांची में दिखना शुरू हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने 28 से 30 अक्टूबर तक जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, अगले तीन दिनों तक कई इलाकों में गर्जन-तड़ित, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 29 और 30 अक्टूबर को मौसम का असर सबसे ज्यादा रहेगा, जब जिले के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
प्रशासन अलर्ट मोड में
रांची जिला प्रशासन ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों से सतर्क और सुरक्षित रहने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि भारी वर्षा के दौरान निचले इलाकों, नदियों और नालों से दूर रहें, वहीं वज्रपात से बचाव के लिए खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों।
किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों को नजदीकी थाना या नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की सलाह दी गई है। 31 अक्टूबर से राहत की उम्मीदमौसम विभाग के मुताबिक, 31 अक्टूबर से मौसम में सुधार के संकेत हैं। उस दिन से बादल छंटने और बारिश में कमी आने की संभावना जताई गई है।
संभावित असर
भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। निचले इलाकों में जलजमाव, पेड़ गिरने, और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी घटनाओं की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन टीमों को तत्पर मोड में रखा है।
मौसम विभाग ने आगाह किया है कि ‘मोथा’ का प्रभाव अगले 48 से 72 घंटे तक झारखंड के कई हिस्सों, खासकर रांची, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में बना रह सकता है।

