रांची : प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) ने एक बार फिर बड़ा कदम उठाते हुए 15 अक्तूबर को बंद का आह्वान किया है। यह बंद झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और उत्तर छत्तीसगढ़ में प्रभावी रहेगा। इसके पहले संगठन 8 से 14 अक्तूबर तक ‘प्रतिरोध सप्ताह’ मनाएगा। माओवादी संगठन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि यह विरोध कार्यक्रम केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा बातचीत से इनकार करने और ऑपरेशन ‘कगार’ के तहत चल रहे सुरक्षा बलों के अभियान के खिलाफ बुलाया गया है। प्रवक्ता ‘संकेत’ ने आरोप लगाया कि 15 सितंबर को हुई मुठभेड़ में संगठन के शीर्ष नेता सहदेव सोरेन, रघुनाथ हेम्ब्रम और राम खेलावन गंझू को फर्जी तरीके से मार गिराया गया। उनका दावा है कि इस तरह की कार्रवाई में कई अन्य कार्यकर्ताओं को भी निशाना बनाया गया है।


