रांची। 1000 करोड़ रुपये के अवैध कफ सीरप कारोबार की मनी लांड्रिंग जांच के तहत ईडी ने शुक्रवार सुबह देश के 25 ठिकानों पर एक साथ बड़ी कार्रवाई की। यह छापेमारी ईडी के लखनऊ जोनल कार्यालय द्वारा दर्ज इंफोर्समेंट केस इंफॉर्मेशन रिपोर्ट (ECIR) के आधार पर की जा रही है।
रांची के तुपुदाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित शैली ट्रेडर्स के परिसर में सुबह से ही ईडी की टीम तलाशी ले रही है। इसके संचालक भोला प्रसाद के तुपुदाना स्थित आवास पर भी सर्च ऑपरेशन चल रहा है। भोला प्रसाद, उत्तर प्रदेश के बनारस में दर्ज प्राथमिकी में आरोपित हैं और इस मामले के मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के रिश्तेदार बताए जाते हैं।
शैली ट्रेडर्स का यह प्रतिष्ठान जगन्नाथ साहू (संचालक, भिलाई केमिकल) के नाम पर है, जिसे भोला प्रसाद ने किराए पर ले रखा था। कुछ महीने पहले बनारस पुलिस ने भी यहां छापा मारा था, हालांकि कफ सीरप की बरामदगी किसी अन्य ठिकाने से हुई थी।
इधर, गुरुवार को तुपुदाना ओपी में औषधि नियंत्रक शैल अंबष्ट के बयान के आधार पर भोला प्रसाद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, भोला प्रसाद ने ऑनलाइन शिकायत कर दावा किया है कि औषधि विभाग के कुछ अधिकारियों ने उससे 20 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
तीन राज्यों में एक साथ छापेमारी
ईडी लखनऊ की टीम अवैध कफ सीरप नेटवर्क की मनी लांड्रिंग तहकीकात के तहत उत्तर प्रदेश, झारखंड और गुजरात में छापेमारी कर रही है।जिन प्रमुख शहरों में सर्च चल रही है, उनमें शामिल हैं—
उत्तर प्रदेश: लखनऊ, बनारस, जौनपुर, सहारनपुर
झारखंड:
रांची (तुपुदाना)
गुजरात: अहमदाबाद
ईडी को इस पूरे नेटवर्क में बड़े वित्तीय लेनदेन, सप्लाई चेन, परिवहन और अवैध बिक्री से जुड़ी कई अहम जानकारियों के मिलने की उम्मीद है।


