गढ़वा :राज्य सरकार ने गढ़वा जिले के मझिआंव अंचल अधिकारी प्रमोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रमोद कुमार, झा.प्र.से. (कोटि क्रमांक–99/25, षष्ठम बैच) हैं। उन्हें झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के नियम 9(1)(क) के तहत निलंबित किया गया है।
इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। विभाग ने अपने आदेश में कहा है कि निलंबन की अवधि में प्रमोद कुमार का मुख्यालय रांची में कार्मिक विभाग रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।
बता दे कि दो दिन पहले सीओ प्रमोद कुमार का अपने प्रेमिका और पत्नी के साथ से जुड़ा एक विवाद सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आया था। विभाग ने पूरे मामले की समीक्षा करने के बाद यह कार्रवाई की है।
सूत्रों के अनुसार, विभागीय जांच पूरी होने तक प्रमोद कुमार निलंबित रहेंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

