कतरास: महुदा इंटर कॉलेज में शिक्षक व द्वारपाल की बर्खास्तगी को लेकर चल रहा विवाद शनिवार को आयोजित विशेष बैठक में भी नहीं सुलझ सका। बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह और अंचल अधिकारी गिरजानंद किस्कु की मौजूदगी में हुई बैठक सूचना के अभाव में कई शासी निकाय सदस्यों के अनुपस्थित रहने के कारण प्रभावी नहीं हो पाई।
बैठक के दौरान सचिव दीप नारायण शर्मा से बर्खास्तगी के कारण पूछे जाने पर स्पष्ट जवाब नहीं मिलने से लोग आक्रोशित हो गए। बाद में एक पूर्व कर्मी को लेकर लगे आरोप–प्रत्यारोप के बीच लोग दो गुटों में बंट गए, हल्की धक्का-मुक्की हुई और नारेबाजी के बाद एक गुट बैठक छोड़कर बाहर निकल गया।
इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने सूचना जारी कर बताया कि अनियमितताओं और 9 सूत्री मांगों पर निर्णय के लिए 16 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 बजे अनुमंडल पदाधिकारी धनबाद के सभा कक्ष में विधायक शत्रुघ्न महतो की अध्यक्षता में अहम बैठक होगी। बैठक में संबंधित अधिकारी, कॉलेज प्रबंधन और शिक्षक प्रतिनिधि शामिल होंगे।
अब सबकी नजर 16 दिसंबर की बैठक पर टिकी है कि क्या विवाद सुलझेगा या आंदोलन जारी रहेगा।


