लोहरदगा: नक्सल विरोधी विशेष अभियान के तहत लोहरदगा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने भाकपा (माओवादी) संगठन के कुख्यात रीजनल कमांडर और 15 लाख के इनामी नक्सली रविंद्र गंजू के दस्ता सदस्य, एक लाख के इनामी नक्सली राजा हेमंत असुर उर्फ राजन को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक देसी कट्टा और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
बुधवार को प्रेस वार्ता में लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने जानकारी दी कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि माओवादी दस्ता का सक्रिय सदस्य राजा हेमंत असुर इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद एसडीपीओ वेदांत शंकर, 32वीं बटालियन एसएसबी के निरीक्षक मनीष कुमार चौबे, अजीत कुमार और कुरु थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया, जिसने पहले अपना नाम रंजीत बताया। तलाशी में हथियार और कारतूस मिलने के बाद गहन पूछताछ की गई, जिसमें उसकी पहचान एक लाख के इनामी नक्सली राजा हेमंत असुर के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, राजा हेमंत के खिलाफ 20 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। लंबे समय से वह लोहरदगा और आसपास के क्षेत्रों में नक्सली गतिविधियों में शामिल रहा है। उसकी गिरफ्तारी से इलाके में सक्रिय माओवादी तंत्र को बड़ा झटका माना जा रहा है।
गिरफ्तारी के बाद कुडू थाना में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही उसकी टीम के अन्य सदस्यों की धरपकड़ के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।


