रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा झारखंड अभियोजन सेवा के अंतर्गत सहायक लोक अभियोजक (APP) नियुक्ति हेतु आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम अगले वर्ष जनवरी के पहले या दूसरे सप्ताह में जारी किया जा सकता है।
आयोग ने नियमित नियुक्ति को लेकर आयोजित प्रारंभिक परीक्षा के पहले और दूसरे प्रश्नपत्र का मॉडल उत्तर जारी कर दिया है। अभ्यर्थी एक जनवरी तक साक्ष्य के साथ अपनी आपत्तियां आयोग को भेज सकते हैं। आपत्तियों की समीक्षा के बाद विषय विशेषज्ञों के परामर्श से अंतिम मॉडल उत्तर प्रकाशित किया जाएगा, जिसके पश्चात प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि नियमित नियुक्ति के लिए प्रारंभिक परीक्षा 20 दिसंबर को आयोजित की गई थी। इससे पूर्व, आयोग ने 13 दिसंबर को आयोजित बैकलॉग नियुक्ति परीक्षा का भी मॉडल उत्तर जारी कर उस पर एक जनवरी तक आपत्तियां आमंत्रित की हैं।
बैकलॉग एवं नियमित नियुक्ति—दोनों की प्रारंभिक परीक्षाओं के परिणाम प्रकाशित होने के बाद फरवरी माह में मुख्य परीक्षा आयोजित किए जाने की संभावना है।

