ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

रोजगार खत्म, लोहा-कोयला की निर्भय लूट… AJSU ने झारखंड की हेमंत सरकार पर बोला हमला

धनबाद: झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए आजसू नेता एवं गोमिया के पूर्व विधायक लंबोदर महतो ने आरोप लगाया कि राज्य में रोजगार के अवसर लगातार घट रहे हैं, जबकि कोयला और लौह अयस्क की बेखौफ लूट जारी है। वे सोमवार को कतरास में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

महतो ने बताया कि 29 नवंबर को कतरासगढ़ स्टेशन रोड में आजसू का बड़ा मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो और गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि यह समारोह जयराम महतो की पार्टी जेएलकेएम (JLKM) को बड़ा झटका देगा।

उन्होंने कहा कि जेएलकेएम के पूर्व केंद्रीय सचिव प्रदीप महतो और महिला नेत्री रजनी रवानी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ आजसू में शामिल होंगे। महतो का कहना है कि इस कार्यक्रम के बाद धनबाद-गोमिया क्षेत्र में आजसू का जनाधार और मजबूत होगा।

सरकार पर प्रहार करते हुए महतो ने कहा कि “मइयां सम्मान योजना” का लाभ अधिकांश पात्र महिलाओं को नहीं मिल रहा है। पिछले एक वर्ष में 12 बड़े घोटाले सामने आए, लेकिन सरकार कार्रवाई करने के बजाय जिम्मेदारी से बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रवृत्ति बंद होने, उद्योगों के ठप पड़ने और रोजगार के अवसर खत्म होने से राज्य का युवा पलायन को विवश है।आजसू के धनबाद जिलाध्यक्ष मंटू महतो ने भी राज्य सरकार को संवेदनहीन बताते हुए कहा कि जनता खुद को उपेक्षित महसूस कर रही है।

वहीं आजसू में शामिल होने वाले जेएलकेएम नेता प्रदीप महतो ने कहा कि उनकी पूर्व पार्टी अपने सिद्धांतों और नीतियों से भटक गई है, इसलिए उन्होंने आजसू का दामन थामा। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष नवदीप गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि आशीष तिवारी, मारकंडेय सिंह, बिट्टू शर्मा, सुभाष कुमार, शुभम सिंह, जावेद खान, एहसान खान, राजा अकबर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags :

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.