धनबाद।झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के स्थापना दिवस समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। धनबाद के गोल्फ मैदान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समारोह स्थल पर विशाल और आकर्षक पंडाल का निर्माण किया गया है, जिसमें करीब पांच हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता मथुरा प्रसाद महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थापना दिवस समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ गांडेय विधायक कल्पना सोरेन सहित पार्टी के सभी मंत्री, विधायक और वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का धनबाद आगमन दोपहर लगभग तीन बजे होगा।
वे संध्या पांच बजे तक गोल्फ मैदान में रहेंगे और इस दौरान स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करेंगे।समारोह को लेकर आयोजित बैठक में महानगर कमेटी जिलाध्यक्ष मंटू चौहान, केंद्रीय प्रवक्ता डॉ. नीलम मिश्रा उपस्थित नहीं रहीं। वहीं बैठक में महानगर के वरीय उपाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता देबू महतो, मदन महतो, रतिलाल टुडू सहित कई अन्य पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
स्थापना दिवस को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
