लोहरदगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा के पूर्व सदस्य धीरज प्रसाद साहू ने नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान झारखंड की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। साहू ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करने और सरकार व संगठन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
धीरज प्रसाद साहू ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को झारखंड में कांग्रेस की जमीनी स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं में उत्साह है और संगठन विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं। उन्होंने सामाजिक न्याय और समावेशी विकास में कांग्रेस की भूमिका को भी रेखांकित किया।
बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 टूर्नामेंट का न्योता
इस अवसर पर साहू ने फरवरी में लोहरदगा में आयोजित होने वाले बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं को खेल के माध्यम से सकारात्मक दिशा देने का प्रयास है।राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने साहू की सक्रियता की सराहना करते हुए झारखंड में संगठन को मजबूत करने और युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया।

