
रांची। झारखंड में नगर निकाय चुनाव भले ही पार्टी सिंबल पर नहीं हो रहा हो, लेकिन राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। रांची में कांग्रेस ने इसे अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के अवसर के रूप में लिया है।
पार्टी ने विधायकों, मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी है।प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू स्वयं चुनावी गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार रांची नगर निगम में कांग्रेस और झामुमो के बीच एक उम्मीदवार पर सहमति बनाने की कोशिश हुई थी, लेकिन समन्वय के अभाव में गठबंधन नहीं हो सका।
इस बीच झामुमो ने धनबाद से चंद्रशेखर अग्रवाल, कोडरमा से शालिनी गुप्ता और पलामू से पूनम सिंह को पार्टी में शामिल कराया है।रांची नगर निगम क्षेत्र में खिजरी विधायक राजेश कच्छप और कांके विधायक सुरेश बैठा को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के वार्डों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को जीत दिलाने की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के क्षेत्र के बनहौरा वार्ड पर भी पार्टी की विशेष नजर है। चुनाव की निगरानी के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, रवींद्र सिंह और मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पाल मुंजनी को जिम्मेदारी दी गई है। ये सभी चुनाव से जुड़ी जानकारी सीधे प्रदेश प्रभारी तक पहुंचा रहे हैं।

