रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड एएनएम प्रतियोगिता परीक्षा–2025 के लिए 7,368 ऑनलाइन आवेदन विभिन्न कारणों से रद कर दिए हैं। आयोग ने सोमवार को कारणों सहित सूची जारी की।
आयोग के अनुसार, 3,153 आवेदनों में केवल रजिस्ट्रेशन किया गया था, जबकि 4,015 अभ्यर्थियों ने परीक्षा शुल्क का भुगतान नहीं किया। वहीं 36 मामलों में शुल्क तो जमा किया गया, लेकिन फोटो और हस्ताक्षर अपलोड नहीं किए गए। इसके अलावा, एक से अधिक आवेदन करने वाले 164 अभ्यर्थियों के पुराने आवेदन रद किए गए हैं।
बताते चलें कि एएनएम परीक्षा के लिए 11 अगस्त से 17 सितंबर तक आवेदन लिए गए थे। परीक्षा एक चरण में OMR/कंप्यूटर आधारित होगी, जिसमें 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा अवधि एक घंटे की होगी और गलत उत्तर पर कोई नकारात्मक अंक नहीं काटा जाएगा।
इस परीक्षा के माध्यम से राज्य में एएनएम के कुल 3,181 पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जिनमें 3,020 नियमित और 161 बैकलॉग पद शामिल हैं।


