बोकारो: हरला थाना अंतर्गत सेक्टर-8 निवासी जयंत सिंह की निर्मम हत्या के खिलाफ लोगों का गुस्सा लगातार उफान मार रहा है। “जयंत सिंह के हत्यारों को फांसी दो” और “परिवार को न्याय मिले” जैसे नारों के साथ सैकड़ों लोग आज सेक्टर-4 स्थित गांधी गोलम्बर में एकत्रित हुए।
हाथों में न्याय दिलाने के तख्तियां और जुबां पर आक्रोश भरी आवाज़ के साथ लोगों ने इस जघन्य अपराध के खिलाफ एकजुटता दिखाई। प्रदर्शन में चास नगर निगम में पूर्व मेयर भोलू पासवान, अनिल सिंह सहित सैकड़ों लोगों ने कहा कि जयंत सिंह हत्याकांड ने पूरे बोकारो को झकझोर कर रख दिया है और जब तक दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा नहीं मिलती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
बताते चलें कि बीते 10 दिसंबर को जयंत सिंह का अपहरण किया गया था, जिसके बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी । इस घटना ने न केवल पीड़ित परिवार, बल्कि पूरे शहर को सदमे में डाल दिया है। पुलिस कार्रवाई करते हुए इस मामले में विनोद खोपड़ी ऊर्फ बिनोद कुमार समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य आरोपी मुकेश राय ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर दोषियों को जल्द फांसी की सजा दी जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में कड़ा संदेश जाए।


