रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से रविवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में औद्योगिक विकास, नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा उद्योगों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को उद्योग जगत के समक्ष आ रही व्यावहारिक चुनौतियों से अवगत कराते हुए उनके समाधान को लेकर सुझाव प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग क्षेत्र राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की भूमिका राज्य के आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार व्यवसायिक वातावरण को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं निवेश के अनुकूल बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि निवेश को बढ़ावा मिले और रोजगार के नए अवसर सृजित हों।इस अवसर पर चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग एवं रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल तथा कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, मनीष श्राफ और डॉ. अभिषेक रामाधीन उपस्थित थे।


