खूंटी: जिले के मुरहू थाना परिसर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार युवक ने मंगलवार की सुबह थाना परिसर स्थित टॉयलेट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मेराल गांव निवासी राहुल मांझी के रूप में हुई है। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।सूत्रों के अनुसार, सोमवार की शाम राहुल मांझी अपने बेटे के साथ माहिल गांव गया था। वहां एक दुकान पर नाश्ता करने के दौरान उस पर गांव की एक युवती से छेड़खानी करने का आरोप लगा। आरोप के बाद माहौल गरम हो गया और ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया।हंगामा बढ़ता देख राहुल किसी तरह भागकर अपने घर मेराल पहुंच गया। लेकिन कुछ देर बाद माहिल गांव के लोग ऑटो से उसके घर पहुंचे और उसे पकड़कर जबरन वापस गांव ले आए। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने राहुल को हिरासत में लेकर मुरहू थाना ले आई।मंगलवार की सुबह राहुल मांझी ने थाना परिसर स्थित शौचालय के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।


