गढ़वा : गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के केवाल दामर गांव में सोमवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई जब ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों को बंधक बना लिया। जानकारी के अनुसार, डिवीजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (DFO), रेंजर और वनरक्षी एक डैम विस्थापन परियोजना के तहत पुनर्वास से जुड़े सर्वेक्षण कार्य के लिए वन क्षेत्र में पहुंचे थे। सर्वे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को घेर लिया।ग्रामीणों ने तीनों अधिकारियों को करीब तीन किलोमीटर पैदल चलाकर रंका थाना क्षेत्र के बलिगढ़ खेल मैदान ले जाकर बंधक बना लिया। घटना की सूचना मिलते ही रंका, रामकंडा और भंडारिया थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत और ग्रामीणों से बातचीत के बाद पुलिस ने अधिकारियों को सुरक्षित मुक्त कराया।ग्रामीण विस्थापन, मुआवजा और पुनर्वास की प्रक्रिया को लेकर आक्रोशित थे और उन्होंने संतोषजनक समाधान की मांग की।


