रांची: बिहार के राजधानी पटना के गांधी मैदान में सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा का भव्य समापन आयोजन में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। इस दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा और एनडीए पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने ललकारते हुए कहा कि हम जेल से बाहर रहते तो भाजपा का लोकसभा चुनाव में झारखंड में खाता तक नहीं खुलता।रैली के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा – यह जमावड़ा किसी पार्टी के लिए नहीं, बल्कि देश के संविधान को बचाने के लिए है। इस जमावड़े की वजह सबको मालूम है। वक्ता इन बातों को रख चुके हैं। उहोंने कहा – हमलोग अपील करने आए हैं कि ये जो वोट है, यह किसी पार्टी का नहीं, देश का वोट है। इस वोट के माध्यम से देश का संविधान बचता है या टूटता है।हेमंत सोरेन ने केंद्र में 2014 से सत्ता में आई भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा कि आज दुर्भाग्य से 2014 में कुछ लोगों ने धनबल से सत्ता हासिल कर ली है। इन लोगों ने देश को तबाह कर दिया है।अगर आज नहीं चेते तो मौका नहीं मिलेगा। चाहे नोटबंदी हो, कोरोना हो या कोई और प्राकृतिक आपदा, जितने लोग अब तक नहीं मरे, इन वर्षों में मरे हैं।आदिवासी, दलित, किसान और पिछड़ों के शोषण का उल्लेख करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि किसान, दलित, आदिवासी, पिछड़ा पर युगों से शोषण होता आया है। एकजुट हो हम लड़ें तो जीते हैं।
भाजपा धनबल, ईडी, सीबीआइ के बल पर धमकाती है।

हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा धनबल, ईडी, सीबीआइ, इनकम टैक्स के बल पर धमकाती है। वोट चोरी आज से नहीं हो रहा है।राहुल गांधी को बड़ा भाई बताते हुए कहा कि इन्होंने वोट चोरी पर नजर गाड़ रखी थी। वोट चोरी करने वाला समूह पकड़ा जा चुका है। आज लोगों के सामने पर्दाफाश हो रहा है। हेमंत सोरेन ने बिहार विधानसभा चुनाव को पूरे देश को बचाने वाला चुनाव बताया। कहा कि हमलोग आवाज बुलंद कर रहे हैं। ये हथकंडे करते हैं। मुझे भी जेल में डाल दिया। नहीं तो जैसे झारखंड विधानसभा के चुनाव में हराया, वैसे लोकसभा चुनाव में भी खाता नहीं खोलने देते। हेमंत सोरेन ने कहा कि ये वोटर रिविजन कर रहे, इंसेटिव और स्पेशल रिविजन कब से होने लगा। आज इनके द्वारा प्रकाशित वोट लिस्ट से इन्होंने देश की गद्दी संभाल रखी है। ये इस्तीफा देकर लड़ें। है हिम्मत तो देश की गद्दी छोड़ स्पेशल रिविजन कराएं। उन्होंने रैली को बिहार और देश की दिशा तय करने वाला बताते हुए एकजुटता का आह्वान किया। श्री सोरेन ने कहा कि ये चुनाव सिर्फ बिहार की दशा-दिशा नहीं, देश की दिशा तय करेगा। ये तीसमार खां नहीं हैं। हम एकजुट हुए तो ये कहीं नहीं टिकेंगे।उपस्थित जनसमूह से आग्रह किया कि आवाज दूर-दूर तक फैलाइए। देश में कैसे कालाबाजारी चल रही हैं। ये लोगों का हक मार रहे हैं। झारखंड-बिहार के संबंधों पर जोर देते हुए कहा कि हमारा झारखंड-बिहार एक साथ चला है। यहां से लोग महिला-पुरुष पलायन करते हैं। हमने अपनी सरकार में झारखंड में आधी आबादी को पलायन से रोक दिया। आने वाले समय में पुरुषों का प्रवासी मजदूर बनने का रास्ता रोकेंगे। हम कहते नहीं, करके दिखाते हैं। ये झूठे जुमले दिखाते हैं। ये नेता और सीएम खरीदते हैं। हमारी जमात डरने और बिकने वाली नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सहारना करते हुए अंत में कहा कि सबका सहयोग और ताकत देश की तकदीर लिखेगा। सटीक और सजग होकर अगले चुनाव में भागीदारी निभाएं।
राबड़ी देवी के आवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को पटना में बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। इस भेंट में सोरेन ने लालू प्रसाद का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।उनके अनुभव और मार्गदर्शन से लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की राजनीति को मजबूती मिलती है। लालू प्रसाद के नेतृत्व को प्रेरणादायी बताया। कहा कि उनकी सोच ने देश में सामाजिक समानता की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस दौरान उन्होंने लालू प्रसाद के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की और उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद जताई।
बिहार-झारखंड के सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्तों पर दिया जोर

हेमंत सोरेन ने बिहार और झारखंड के ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्तों पर जोर देते हुए कहा कि दोनों राज्यों की एकजुटता और आपसी सहयोग से क्षेत्र का विकास और तेजी से संभव होगा। उन्होंने दोनों राज्यों के बीच साझा चुनौतियों जैसे पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर सहयोग बढ़ाने की जरूरत बताई। सोरेन ने कहा कि झारखंड में उनकी सरकार ने पलायन रोकने और सामाजिक न्याय के लिए कई कदम उठाए हैं और बिहार के साथ मिलकर इन प्रयासों को और प्रभावी बनाया जा सकता है। मुलाकात के दौरान राबड़ी देवी, उनके परिवार के सदस्य और राजद के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। हेमंत सोरेन ने कहा कि लालू प्रसाद का मार्गदर्शन हमें और प्रेरित करेगा। हम मिलकर गरीबों और वंचितों के लिए काम करते रहेंगे।


