रांची: झारखंड के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में आज सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। जिले में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
प्रशासन ने सोमवार को ही सभी पोलिंग पार्टियों को उनके-अपने मतदान केंद्रों पर भेज दिया था। डीसी और एसपी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखी जा सके।
सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। लोगों में मतदान को लेकर उत्साह स्पष्ट दिखाई दे रहा है। वहीं संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। घाटशिला उपचुनाव के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

