रवि वर्मा
बोकारो : बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-1/बी स्थित एचएससीएल कॉलोनी में शनिवार देर शाम एक बड़ा हादसा हुआ, जिसने प्रबंधन की लापरवाही और मेंटेनेंस व्यवस्था की पोल खोल दी है। विवेकानंद मंदिर के सामने स्थित 16 क्वार्टरों वाला एक पूरा सीडी टाइप ब्लॉक (आवास संख्या 351 से 366) अचानक ढह गया। सौभाग्यवश, सभी निवासी पहले से ही इमारत की हालत देखकर बाहर निकल चुके थे, जिससे जानमाल की बड़ी क्षति टल गई। हालांकि, हादसे में 16 परिवार बेघर हो गए हैं।
सुबह से पड़ने लगे थे दरारें, शाम को हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह से ही ब्लॉक में दरारें पड़ने लगी थीं। डर के चलते सभी परिवार अपने घर खाली कर पास के मैदान में चले गए थे। देर शाम अचानक एक जोरदार आवाज के साथ पहले ब्लॉक का किचन एरिया और फिर पूरा ब्लॉक भरभरा कर गिर पड़ा।
पहले भी दी गई थी शिकायत, नहीं हुई सुनवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस ब्लॉक की जर्जर स्थिति की शिकायत कई बार एचएससीएल प्रबंधन को दी गई थी, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। अब पूरे ब्लॉक के गिरने के बाद प्रबंधन की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
खुले आसमान के नीचे कट रही है रात
घटना के बाद से कॉलोनीवासी दहशत और आक्रोश में हैं। बेघर हुए परिवार अपने सामान को मलबे से निकालने की कोशिश कर रहे हैं और पेड़ों के नीचे अस्थायी ठिकाने बनाकर रात बिताने को मजबूर हैं। लोग प्रशासन से तत्काल राहत, पुनर्वास और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
प्रशासन ने की मौके पर जांच
सूत्रों के मुताबिक, प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच चुकी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
यह हादसा न केवल सरकारी आवासों की जर्जर स्थिति की ओर इशारा करता है, बल्कि जिम्मेदार एजेंसियों की उदासीनता और लापरवाही का भी कड़ा प्रमाण है। अगर समय रहते चेतावनी को गंभीरता से लिया जाता, तो शायद यह हादसा टल सकता था।


