ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

धनबाद पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक – प्रिंस खान गैंग का नेटवर्क ध्वस्त , 17 लाख कैश, पिस्तौल और 47 गोलियां बरामद

धनबाद : दुबई में बैठकर कोयलांचल में अपराध का जाल बिछाने वाले भगोड़े हैदर अली उर्फ प्रिंस खान के नेटवर्क पर धनबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है .मंगलवार की सुबह वासेपुर के विभिन्न इलाकों में करीब 30 ठिकानों पर की गई छापेमारी में पुलिस ने गैंग के चार स्लीपर सेल सदस्यों को गिरफ्तार किया है.

इनके पास से पुलिस ने 17 लाख 34 हजार 900 रुपये नकद, एक पिस्टल, 47 गोलियां, दर्जनों बैंक दस्तावेज और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. यह जानकारी धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर दी. उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान के लिए काम कर रहे कुछ लोग धनबाद में सक्रिय हैं.

इसके बाद एसपी ग्रामीण, एसपी नगर, 6 डीएसपी, 7 इंस्पेक्टर और 36 एसआई सहित कुल 60 पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम गठित की गई और मंगलवार तड़के 5 बजे एक साथ छापेमारी अभियान चलाया गया.छापेमारी में कबाड़ी पट्टी निवासी परवेज खान (55), नवीनगर वासेपुर निवासी तौशिफ आलम उर्फ मुसा (33), कमर मखदुमी रोड निवासी सैफ आलम उर्फ राशिद और शमशेर नगर निवासी इम्तियाज अली उर्फ लाडले (46) को गिरफ्तार किया गया.

तलाशी के दौरान पुलिस को 70 जमीन डीड पेपर, 18 एटीएम कार्ड, 5 बैंक पासबुक, 9 चेकबुक ,5 मोबाइल फोन , नागालैंड से निर्गत एक 6 चक्रीय पिस्तौल एवं 47 गोली बरामद किया गया है .

एसएसपी ने बताया कि बरामद नगदी की वैधता को लेकर आयकर विभाग से जांच कराई जा रही है. उन्होंने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया है कि ये प्रिंस खान के गिरोह के लिए सहयोगी के रूप में काम करते थे और साथ ही धनबाद में आने वाले गैंग सदस्यों को ठहराने और स्थानीय कारोबारियों की जानकारी जुटाने का भी काम करते थे.

एसएसपी ने यह भी खुलासा किया कि गैंग द्वारा वसूली गई रकम हवाला और USDT क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से दुबई में बैठे प्रिंस खान तक भेजी जाती थी. इसके अलावा, धनबाद के बरवाअड्डा, गोविंदपुर और 8 लेन क्षेत्र में जमीन कारोबार के जरिए इस पैसे को सफेद धन में बदला जाता था. उन्होंने बताया कि चारों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे नेटवर्क की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच जारी है.

Tags :

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.