लोदना ओपी क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता पर अपने ही दो माह के बेटे की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अरवल (बिहार) निवासी 20 वर्षीय मुस्कान कुमारी का विवाह फरवरी 2025 में लोदना मधुबन 40 धौड़ा निवासी चंचल कुमार से हुआ था। मुस्कान का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति उस पर शक करता था और गर्भ में पल रहे बच्चे को अपना मानने से इनकार करता था।मुस्कान ने बताया कि 9 दिसंबर 2025 को उसने मायके में बेटे को जन्म दिया। इसके बाद भी पति का व्यवहार नहीं बदला।
आरोप है कि 2 फरवरी को चंचल उसे और बच्चे को लोदना ले आया और अक्सर विवाद करता था।गुरुवार रात विवाद के बाद सुबह बच्चे की हालत बिगड़ी मिली। आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुस्कान का आरोप है कि उसके पति ने ही बच्चे की हत्या की है।
मामले में पुलिस ने पति, ससुर और भसुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


