रांची। हजारीबाग वन भूमि घोटाला और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में फरार स्निग्धा सिंह की तलाश में ACB ने बुधवार सुबह करीब 4 बजे दिल्ली में दो ठिकानों—वसंत विहार स्थित नई लग्जरी प्रॉपर्टी C-24 और एक जॉइंट सेक्रेटरी (भारतीय डाक सेवा) के सरकारी आवास—पर एक साथ छापेमारी की।
डिजिटल सर्विलांस के आधार पर की गई इस कार्रवाई में स्निग्धा सिंह तो नहीं मिलीं, लेकिन उनका बेटा सनत सिंह मौके पर मौजूद मिला, जिससे पूछताछ जारी है। ACB के मुताबिक सनत ने मां के ठिकाने, विनय चौबे–विनय सिंह–स्निग्धा के रिश्तों और मनी ट्रेल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी है।
छापे के दौरान कई मोबाइल, लैपटॉप और अन्य डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए। शुरुआती जांच में पता चला है कि वसंत विहार की C-24 प्रॉपर्टी को बेनामी संपत्ति और विनय चौबे की काली कमाई को घुमाने के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था।
स्निग्धा सिंह नेक्सजेन ऑटोमोबाइल कारोबारी विनय सिंह की पत्नी हैं, जो इस मामले में जेल में बंद हैं। ACB ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में मामले में बड़े खुलासे हो सकते हैं।

