ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

कतरास कोलियरी में मौत का धुआं: जहरीली गैस से कांपी बस्ती, आसमान में छाया अंधेरा, ग्रामीणों ने चेताया—पुनर्वास नहीं तो आंदोलन

धनबाद: कतरास क्षेत्र के वेस्ट मोदीडीह कोलियरी अंतर्गत संचालित बीएस माइनिंग आउटसोर्सिंग पैच के पांडेयडीह छह नंबर बस्ती के समीप शुक्रवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कोलियरी से अचानक जहरीली गैस और काला धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं से ढक गया और ग्रामीण दहशत में आ गए।

लोगों को किसी बड़े हादसे की आशंका सताने लगी।जैसे-जैसे समय बीतता गया, धुएं की मात्रा बढ़ती चली गई और आसमान में अंधेरे जैसा नज़ारा बन गया। सूचना मिलते ही वेस्ट मोदीडीह कोलियरी प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।ग्रामीणों ने बताया कि सुबह अचानक परियोजना पैच से काला धुआं निकलने लगा, जिसने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। धुआं इतना घना था कि कुछ देर के लिए दृश्यता भी प्रभावित हो गई।

ब्लास्टिंग से पहले ही त्रस्त, अब गैस ने बढ़ाई दहशत

ग्रामीण संतोष चौहान और यशोदा देवी ने बताया कि पहले से ही ब्लास्टिंग के कारण उड़ते पत्थर और तेज कंपन से लोग परेशान थे। अब हालात यह हो गए हैं कि उनके घरों से महज 30 फीट की दूरी पर जहरीली गैस और काला धुआं निकल रहा है।उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले इसी स्थान से आग की लपटें निकलनी शुरू हुई थीं। उस समय प्रबंधन ने कई जगहों पर भराई कराई, जिससे आग पर काबू पाया गया था।

लेकिन अब फिर से हालात भयावह होते जा रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि वे असुरक्षित क्षेत्र में रहने को मजबूर हैं और लंबे समय से प्रबंधन से सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की मांग कर रहे हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है।

7 दिन का वादा, 15 दिन बीते—हल नहीं

ग्रामीणों ने बताया कि करीब दस दिन पहले कतरास क्षेत्र के महाप्रबंधक के साथ वार्ता हुई थी, जिसमें सात दिनों के भीतर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन पंद्रह दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।ग्रामीणों का आरोप है कि बीसीसीएल प्रबंधन ने दो वर्ष पूर्व गांव का सर्वे कराया था।

कुछ लोगों को सुरक्षित स्थान पर बसाया भी गया, लेकिन बाकी लोग आज भी खतरे के साए में जी रहे हैं।ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी। जरूरत पड़ी तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

प्रबंधन का पक्ष

इस संबंध में कतरास क्षेत्र के क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी संजय चौधरी ने बताया, “मुहाने की गैलरी खुलने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। टीम जांच के लिए गई है और शीघ्र ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।”

Tags :

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.