जामताड़ा: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को उपायुक्त रवि आनंद ने अधिकारियों के साथ जामताड़ा नगर निकाय क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य जरूरी तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को घाटों की अविलंब सफाई कराने, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।
डीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि घाटों पर प्रकाश, पेयजल, सुरक्षा और बैरिकेडिंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नगर परिषद को विशेष रूप से निर्देश दिया कि पर्व से पहले सभी घाटों की सफाई पूरी कर ली जाए ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

