रांची: राजधानी रांची में अपराधियों का मनोबल एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। डोरंडा थाना क्षेत्र के कुसाई कॉलोनी स्थित सत्यभामा अपार्टमेंट में रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए और घरों के अंदर दुबक गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी बाइक पर सवार होकर आए थे और अपार्टमेंट के बाहर कई राउंड फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय अपार्टमेंट के आसपास कई लोग मौजूद थे।फायरिंग का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में गोलियों की आवाज और लोगों की चीख-पुकार साफ सुनी जा सकती है। मामले की सूचना मिलते ही डोरंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। वहीं, स्थानीय लोग अब भी भय के माहौल में हैं और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। शहर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में यह सवाल उठने लगा है कि आखिर राजधानी में अपराधियों का मनोबल इतना बुलंद क्यों है?

