रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को 160 चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इनमें पांच चिकित्सक मेडिकल कॉलेजों के लिए जेपीएससी के माध्यम से चयनित हैं। इसके अलावा 54 सहायक प्राध्यापक, 38 विशेषज्ञ चिकित्सक, 55 चिकित्सा पदाधिकारी और 13 दंत चिकित्सक शामिल हैं।नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त चिकित्सकों को जनसेवा और बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सरकार उनके योगदान का आकलन कर उन्हें सम्मानित भी करेगी। उन्होंने कहा, “चिकित्सक भगवान का रूप होते हैं, जनता की उनसे बड़ी अपेक्षाएं हैं।”कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने घोषणा की कि सरकार जल्द ही स्वास्थ्य विभाग में 10 हजार पदों पर बंपर बहाली करने जा रही है।


