रवि वर्मा
बोकारो : रेलवे स्टेशन पर चलाए गए एक संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन में बाल मजदूरी के लिए ले जाए जा रहे 6 नाबालिग बच्चों को तस्करों के चंगुल से आजाद कराया गया। यह कार्रवाई जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन और सहयोगिनी संस्थाओं द्वारा रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और चाइल्ड लाइन के सहयोग से की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, वास्को डी गामा साप्ताहिक एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 17322) से ये बच्चे सिकंदराबाद ले जाए जा रहे थे। ट्रेन जसीडीह से चली थी, जिसमें कुल 16 बच्चों के साथ दो तस्कर भी सवार थे। बोकारो स्टेशन पर चलाए गए अभियान के दौरान 6 बच्चों को सफलतापूर्वक बचा लिया गया।रेस्क्यू के दौरान बच्चों के साथ यात्रा कर रहे दोनों तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया। इनमें से एक की पहचान धर्मेंद्र मांझी के रूप में की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी बच्चों को बहला-फुसलाकर बाल मजदूरी के लिए तस्करी किया जा रहा था। इस ऑपरेशन में GRP के अंजनी कुमार, स्टेशन प्रबंधक अजय नाथ हालदार, RPF के अरुणा उरांव, धर्मेंद्र कुमार, दिनेश कुमार साव, चाइल्ड लाइन के विष्णु कुमार और राहुल कुमार महतो, जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन तथा सहयोगिनी संस्थाओं से रवि कुमार और अनिल कुमार हेंब्रम की अहम भूमिका रही।रेस्क्यू किए गए बच्चों को आगे की कानूनी प्रक्रिया और पुनर्वास के लिए चाइल्ड वेलफेयर कमेटी, बोकारो के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ पुलिस व RPF द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


