रांची। राजधानी रांची पुलिस ने बच्चा चोरी और तस्करी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सनसनीखेज खुलासा किया है। एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही अलग–अलग स्थानों से चोरी किए गए 12 मासूम बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।
एसएसपी ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और बच्चों को गलत कामों में धकेलने का काम करता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कई बच्चों को गिरोह के सदस्य मोटी रकम लेकर बेच देते थे। वहीं बच्चियों को उम्र बढ़ने पर बंगाल में देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया जाता था।सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि यह गिरोह बच्चों के अंगों की तस्करी जैसे संगीन अपराध में भी संलिप्त था।
पुलिस ने बरामद बच्चों को चाइल्ड लाइन और संबंधित बाल संरक्षण संस्थानों को सौंप दिया है।पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क, फंडिंग और संभावित अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है। इस बड़ी सफलता को रांची पुलिस की सबसे महत्वपूर्ण कार्रवाई में से एक माना जा रहा है।

