Ranchi: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने हजारीबाग में अवैध जमाबंदी से जुड़े एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए नेक्सजेन ऑटोमोबाइल के मालिक विनय कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर सरकारी अधिकारियों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए गैर-मजरूआ खास और जंगल-झाड़ी श्रेणी की भूमि की अवैध जमाबंदी कराने का आरोप है। इस संबंध में ACB थाना, हजारीबाग में कांड संख्या 11/25 दर्ज है।यह मामला वर्ष 2013 का है, जब हजारीबाग में पांच भूखंडों के अवैध पंजीकरण (जमाबंदी) को रद्द किया गया था। इसकी पुष्टि राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने की थी। संबंधित भूमि को वन भूमि (जंगल-झाड़ी) के रूप में चिह्नित किया गया है और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुसार बिना अनुमति इसके गैर-वानिकी उपयोग पर रोक है। ऐसे कृत्य भारतीय वन अधिनियम, 1927 और वन संरक्षण अधिनियम, 1980 का उल्लंघन माने जाते हैं।


