बोकारो: गोमिया प्रखंड के पलिहारी गुरुडीह पंचायत की मुखिया सपना कुमारी पिछले दो दिनों से लापता हैं। सपना कुमारी बोकारो जिले की सबसे कम उम्र की मुखिया मानी जाती हैं। परिजनों ने इस संबंध में गोमिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।परिजनों के मुताबिक, दो अक्टूबर को मुखिया सपना कुमारी पंचायत सचिवालय में गांधी जयंती समारोह में शामिल हुई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह घर लौटीं, लेकिन कुछ देर बाद फिर से घर से बाहर निकलीं और उसके बाद से लापता हो गईं। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सूचना मिलने पर गोमिया पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मुखिया की तलाश में जुट गई है। पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है। बताया जाता है कि सपना कुमारी ने पंचायत चुनाव में कई दिग्गजों को हराकर जीत हासिल की थी। अपने सक्रिय कार्यों और जनता के बीच लोकप्रियता के कारण वह हमेशा चर्चा में रहती थीं। उनके अचानक लापता हो जाने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, फिलहाल सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सपना कुमारी का सुराग आखिर कब तक मिलता है।


