
बोकारो : छठ महापर्व को शांति और सुरक्षा के माहौल में संपन्न कराने को लेकर बोकारो जोन के आईजी सुनील कुमार भास्कर ने शनिवार को प्रक्षेत्र के सभी पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिला स्तर पर की गई तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई और कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
आईजी ने निर्देश दिया कि छठ घाटों और मार्गों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम किए जाएं। घाटों के आसपास बैरिकेडिंग, गोताखोर और NDRF टीम की तैनाती सुनिश्चित की जाए। मार्गों का पहले से सैनिटाइजेशन और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा तथा वैकल्पिक मार्ग पूर्व से तय किया जाए। सोशल मीडिया पर धार्मिक भावना भड़काने या अफवाह फैलाने वालों पर विशेष निगरानी रखने का आदेश भी दिया गया। साथ ही, सादे लिवास में पुलिस बल की तैनाती, फायर ब्रिगेड, चिकित्सीय टीम और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। शराब की अवैध बिक्री और तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
आईजी ने आमजनों से अपील की है कि पर्व को शांति, स्वच्छता और सामूहिक सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में Dial-112 पर तुरंत संपर्क करें।

