रवि वर्मा
बोकारो : पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी एसडीपीओ, डीएसपी और थाना प्रभारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान एसपी ने जिले में गश्ती व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि आम जनता को बेहतर सुरक्षा अनुभव प्रदान किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिया कि मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार, सभी थाना परिसरों में आने वाले आगंतुकों के लिए उचित बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।एसपी ने यह भी बताया कि जेल से रिहा होने वाले अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि वे दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न हो सकें। उन्होंने जरिडीह थाना पुलिस द्वारा हाल ही में चोरी के एक मामले में अपराधियों की गिरफ्तारी की सराहना की। वहीं, सियालजोरी थाना क्षेत्र में भी एक चोर की गिरफ्तारी की गई है। इसके अलावा, हजारीबाग और बोकारो पुलिस के संयुक्त अभियान में दो हथियार और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। एसपी ने कहा कि पुलिस टीम का मनोबल उच्च है और अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।


