पटना : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरणों में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। झारखंड की सत्तारूढ़ पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने महागठबंधन से अलग होने का ऐलान कर दिया है। पार्टी अब बिहार में 6 सीटों पर अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी।
JMM ने जिन सीटों पर उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है, वे हैं चकाई, धमदाहा, कटोरिया, पिरपैंती, मनीहारी और जमुई। पार्टी सूत्रों के अनुसार, सीट बंटवारे को लेकर महागठबंधन के घटक दलों के बीच सहमति नहीं बन सकी, जिसके बाद JMM ने यह निर्णय लिया।
JMM का कहना है कि पार्टी अपने संगठन और विचारधारा के बल पर बिहार में भी अपनी राजनीतिक पहचान मजबूत करना चाहती है। जानकारों का मानना है कि JMM के इस कदम से महागठबंधन के वोट समीकरण पर असर पड़ सकता है, खासकर सीमावर्ती जिलों में जहां संथाल और झारखंड से जुड़े मतदाता बड़ी संख्या में हैं।
JMM के नेताओं का कहना है कि पार्टी झारखंड की तर्ज पर बिहार में भी आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग के हक की लड़ाई जारी रखेगी। जल्द ही पार्टी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करेगी।