
रांची।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए राज्य सरकार और मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं।
बाबूलाल मरांडी ने अपने पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उनके लिए नियम, कानून, संविधान और न्यायालय का कोई महत्व नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि इतिहास में “जंगल राज” चलाने वालों में सबसे ऊपर नाम लिखवाना ही उद्देश्य है, तो मुख्यमंत्री चाहें तो सुप्रियो भट्टाचार्य को भी डीजीपी बना दें, क्योंकि मौजूदा फैसले से यह साबित हो चुका है कि सरकार नियमों की परवाह नहीं करती।
मरांडी ने आगे लिखा कि भले ही सरकार कानून, संविधान और न्यायपालिका की अनदेखी करे, लेकिन भगवान से डरना चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि “भगवान के यहां देर है, अंधेर नहीं। वह सब देख रहा है। उसकी लाठी चलती है तो आवाज नहीं होती, लेकिन चोट बहुत लगती है।”
पोस्ट के अंत में बाबूलाल मरांडी ने लिखा कि आज के लिए इतना ही और नए साल में इस विषय पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
भाजपा नेता के इस बयान को डीजीपी नियुक्ति को लेकर चल रहे विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। उनके इस तीखे पोस्ट के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर गरमाहट बढ़ गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।


