पलामू: हुसैनाबाद से दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल व एटीएस ने छापेमारी कर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक हुसैनाबाद शहरी क्षेत्र के इसलामगंज मोहल्ले का रहने वाला है. करवाई झारखंड की राजधानी रांची में संदिग्ध आतंकी असहर दानिश को हिरासत में लिए जाने के बाद की गई है. युवक की पहचान वकील आलम के 22 वर्षीय पुत्र गुलशेर आलम उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है. दिल्ली पुलिस और झारखंड एटीएस को मिली सूचना के आधार पर टीम हुसैनाबाद पहुंची. जहां गुलशेर आलम को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है. असहर दानिश या किसी अन्य आतंकी संगठन से उसके संबंध होने की भी जांच कर रही है. अभी तक पुलिस या एटीएस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है.


