Ranchi: झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग गुप्ता के इस्तीफे की चर्चा मंगलवार देर शाम से राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में तेज हो गई है। हालांकि, अब तक सरकार या पुलिस मुख्यालय की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार, देर रात डीजीपी मुख्यालय में अचानक गतिविधियां बढ़ीं। कार्यालय सामान्य समय के बाद फिर से खुला और डीजीपी अनुराग गुप्ता भी मुख्यालय पहुंचे। इसके बाद वे कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास गए और कुछ देर रुकने के बाद घर लौट गए। इसी घटनाक्रम के बाद इस्तीफे की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि अनुराग गुप्ता ने अपना इस्तीफा सरकार को भेजा है। लेकिन सरकार ने उसे स्वीकार किया है या नहीं, इस पर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं है। न ही यह तय हो पाया है कि राज्य का अगला डीजीपी कौन होगा।
नए डीजीपी के नाम को लेकर अटकलें
सूत्रों में यह भी चर्चा है कि वरिष्ठ आईपीएस प्रशांत सिंह और एमएस भाटिया का नाम संभावित पैनल में शामिल है। हालांकि इस संबंध में भी सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल, झारखंड की प्रशासनिक गलियों में इस्तीफे को लेकर जोरदार चर्चा जारी है, लेकिन अंतिम स्थिति सरकारी अधिसूचना के बाद ही स्पष्ट होगी।


