ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

नियोजन व प्रदूषण को लेकर मधुबन कोल वॉशरी में आजसू का अनिश्चितकालीन चक्का जाम, लोडिंग-ट्रांसपोर्टिंग कार्य ठप

कतरास: बीसीसीएल ब्लॉक टू क्षेत्र अंतर्गत संचालित मधुबन कोल वॉशरी के लोडिंग प्वाइंट में शनिवार से आउटसोर्सिंग कंपनी में नियोजन, प्रदूषण और प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर आजसू पार्टी के बैनर तले स्थानीय शिक्षित बेरोजगार युवाओं ने अनिश्चितकालीन धरना के साथ चक्का जाम आंदोलन की शुरुआत की।

आंदोलन के कारण लोडिंग एवं ट्रांसपोर्टिंग कार्य पूरी तरह बाधित हो गया है। शनिवार सुबह करीब दस बजे से मधुबन कोल वॉशरी के लोडिंग प्वाइंट पर एकत्र स्थानीय शिक्षित बेरोजगार युवाओं ने वॉशरी से उत्पन्न प्रदूषण से प्रभावित युवकों को नियोजन देने सहित कई अन्य मांगों को लेकर आंदोलन शुरू किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा लगातार स्थानीय युवाओं की अनदेखी की जा रही है। इस संबंध में गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के जिला सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर सांसद महोदय के स्तर से बीसीसीएल प्रबंधन से वार्ता भी की गई थी, लेकिन बीसीसीएल ब्लॉक टू क्षेत्र का प्रबंधन केवल टाल-मटोल की नीति अपनाते हुए कोई ठोस पहल नहीं कर रहा है।

आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि नियोजन की मांग करने वाले कई बेरोजगार ग्रामीण युवाओं पर स्थानीय पुलिस द्वारा झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है। बावजूद इसके आंदोलनकारी किसी दबाव में आने वाले नहीं हैं।

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह आर-पार की लड़ाई है। या तो स्थानीय शिक्षित बेरोजगार युवाओं को नियोजन देना होगा, या फिर आउटसोर्सिंग कंपनी को यहां से अपना बोरिया-बिस्तर समेटकर लौटना पड़ेगा।

साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में जो भी कंपनी आएगी, उसे स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना ही होगा। आंदोलन के चलते क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, वहीं प्रबंधन की ओर से अब तक कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Tags :

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.