रांची : जमीन घोटाला मामले में जेल में बंद निलंबित IAS अधिकारी विनय कुमार चौबे पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में चौथी FIR दर्ज की है। 24 नवंबर को ACB रांची थाना में कांड संख्या 20/2025 के रूप में यह प्राथमिकी दर्ज की गई।
FIR में विनय कुमार चौबे के साथ उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता, ससुर सत्येंद्र नाथ त्रिवेदी, साला शिपिज त्रिवेदी, साले की पत्नी प्रियंका त्रिवेदी, सहयोगी विनय कुमार सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह को नामजद किया गया है।
ACB की प्रारंभिक जांच में पता चला कि चौबे ने नौकरी से अर्जित लगभग 2.20 करोड़ रुपये की आय के मुकाबले 3.47 करोड़ रुपये खर्च किए। यानी 1.27 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की गई, जो आय से 53 प्रतिशत अधिक है। जांच में कई संदिग्ध बैंक लेन-देन, शेल कंपनियों के जरिए धन हेरफेर, रिश्तेदारों और सहयोगियों के खातों में भारी रकम ट्रांसफर के सबूत मिले।
इससे पहले भी ACB ने चौबे पर शराब घोटाले, खासमहाल जमीन घोटाले और वन भूमि घोटाले में तीन FIR दर्ज कर चुकी है। अब नई FIR में भी सभी आरोपितों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू होगी।


