हजारीबाग :भूमि घोटाला मामले की जांच में बड़ी कार्रवाई करते हुए एसीबी की टीम ने सोमवार सुबह हजारीबाग के डेमोटांड़ स्थित महिंद्रा नेक्स्जेन शोरूम को अस्थायी रूप से सील कर दिया। रविवार को दिनभर चली छापेमारी के बाद टीम ने शोरूम से सात कंप्यूटर के सीपीयू, एक लैपटॉप और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए थे। एसीबी ने कार्रवाई के बाद शोरूम के बाहर नोटिस चिपका दिया है। यह कार्रवाई कांड संख्या 9/25 के तहत की गई बताई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि जांच के दौरान कई अहम जानकारियां एसीबी टीम के हाथ लगी हैं।रविवार को लगभग छह घंटे तक चली छापेमारी के दौरान शोरूम परिसर को पुलिस सुरक्षा घेरे में रखा गया था। इस दौरान एसीबी अधिकारियों ने शोरूम कर्मियों से पूछताछ भी की। शोरूम के बंद हो जाने से कर्मचारी और ग्राहक दोनों परेशान हैं। उनका कहना है कि त्योहार के समय कारोबार प्रभावित होने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।गौरतलब है कि मामले के मुख्य आरोपी विनय सिंह फिलहाल लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा में न्यायिक हिरासत में बंद हैं। वे पूर्व विधायक विनय चौबे के करीबी माने जाते हैं।


